भारतीय शास्त्रीय और सूफी फ्यूजन की नई पहचान बन रहा ‘सर्वत्र’ बैंड
दिल्ली-एनसीआर के प्रतिभाशाली कलाकारों से बना संगीत समूह ‘सर्वत्र’ (Sarvatra) बैंड अपने अनोखे संगीत अंदाज़ से श्रोताओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। भारतीय शास्त्रीय संगीत, लोकधुनों और आधुनिक फ्यूजन का अनूठा संगम प्रस्तुत करने वाला यह बैंड सेमी क्लासिकल फ्यूजन, सूफी और इंडी फोक शैली में अपनी अलग पहचान बना रहा है।
सर्वत्र बैंड का एक विशेष प्रोजेक्ट ‘कहत कबीर’ (Project Kahat Kabeer) है, जिसके तहत संत कबीर दास की अमर वाणियों को नए संगीत और आधुनिक स्वर में पिरोकर प्रस्तुत किया जाता है। यह प्रयास न केवल कबीर के दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है, बल्कि श्रोताओं को एक आध्यात्मिक संगीत यात्रा का अनुभव भी कराता है।
बैंड के फाउंडर हिमांशु मिश्रा के नेतृत्व और गुरु पंडित मिथिलेश कुमार झा के मार्गदर्शन में यह समूह निरंतर संगीत के नए आयाम स्थापित कर रहा है। अपनी विशिष्ट प्रस्तुति शैली के कारण सर्वत्र बैंड का हर कार्यक्रम केवल एक संगीत प्रस्तुति नहीं बल्कि एक ध्यानमय अनुभव बन जाता है।
हाल ही में नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आयोजित फ्लावर शो में सर्वत्र बैंड के कलाकारों ने अपनी जादुई प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बैंड ने जहां कबीर के आध्यात्मिक भजनों से श्रोताओं को भावविभोर किया, वहीं सूफी और होली के गीतों से पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।
ग्रेटर नोएडा के उद्यान विभाग द्वारा आयोजित पुष्पोत्सव-2026 के दौरान भी सर्वत्र बैंड की प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। बैंड की अपनी लोकप्रिय कंपोजिशन “झीनी चदरिया” ने श्रोताओं से खूब सराहना और तालियां बटोरीं। कबीर के गहरे दर्शन से लेकर सूफी धुनों की ऊंचाइयों तक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से शाम को यादगार बना दिया।
सर्वत्र बैंड अब तक कई प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रस्तुति दे चुका है, जिनमें महिंद्रा कबीरा फेस्टिवल (वाराणसी), रामोत्सव (अयोध्या), पंडित भीमसेन जोशी संगीत सम्मेलन (देहरादून), म्यूजिक फॉर हार्मोनी (दिल्ली हाट), हिंदी दिवस समारोह, बेल्हम्स बॉयज स्कूल (देहरादून), दून गर्ल्स स्कूल (देहरादून), सूरजकुंड मेला और इंफोसिस जैसे मंच शामिल हैं।
बैंड की कोऑर्डिनेटर आराधना वर्मा ने बताया कि सर्वत्र बैंड का उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय और लोक संगीत की समृद्ध परंपरा को आधुनिक संगीत के साथ जोड़कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ‘कहत कबीर’ प्रोजेक्ट के माध्यम से संत कबीर के गहरे आध्यात्मिक संदेश को संगीत के जरिए लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे श्रोताओं का भरपूर प्यार मिल रहा है।
बैंड में फाउंडर हिमांशु मिश्रा के साथ कीबोर्ड पर संगीत जोशी, गायिका सोनम मिश्रा, गायक रोहित, तबला पर अर्जुन और सारंगी पर तनिष्क धौलपुरी अपनी प्रस्तुति से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करते हैं।
