ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में ‘ओबेसिटी वीक’ की शुरुआत, मोटापे से जुड़ी जांचें होंगी निःशुल्क
ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान, ग्रेटर नोएडा के मेडिसिन विभाग की पहल पर 9 मार्च से 14 मार्च 2026 तक विश्व मोटापा दिवस और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “ओबेसिटी वीक” मनाया जाएगा। इस दौरान जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मोटापे से संबंधित महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
संस्थान की ओर से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत मोटापे से ग्रस्त मरीजों के लिए फाइब्रोस्कैन (FibroScan) की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे यकृत में वसा (फैटी लिवर) और उससे संबंधित समस्याओं का प्रारंभिक पता लगाया जा सकेगा। इसके साथ ही 45 वर्ष से अधिक आयु की रजोनिवृत्ति के बाद की महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस की आशंका को देखते हुए DEXA स्कैन की सुविधा भी निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
संस्थान के निदेशक राकेश गुप्ता ने बताया कि मरीज संस्थान की प्रमुख ओपीडी—मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग (Gynae & Obs) तथा ऑर्थोपेडिक्स—में आकर चिकित्सकों से परामर्श ले सकते हैं। चिकित्सक की सलाह के आधार पर मरीजों को मेडिसिन ओपीडी (ओपीडी नंबर-10) से इन जांचों के लिए रेफर किया जाएगा, जिसके बाद निर्धारित अवधि के दौरान वे इन सुविधाओं का निःशुल्क लाभ उठा सकेंगे।
संस्थान की इस पहल का उद्देश्य मोटापा, फैटी लिवर तथा रजोनिवृत्ति के बाद महिलाओं में होने वाली हड्डियों की कमजोरी जैसी समस्याओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और समय रहते जांच के माध्यम से उनका बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना है। संस्थान के चिकित्सकों ने पात्र मरीजों से इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
