नोएडा में हाईटेक सट्टेबाजी गैंग का भंडाफोड़, T-20 मैचों पर लग रहा था करोड़ों का दांव; मास्टरमाइंड समेत 5 गिरफ्तार
नोएडा। Noida Police ने क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी कराने वाले एक बड़े हाईटेक सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। Sector 113 Police Station Noida और CRT/SWAT-2 टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंग के मास्टरमाइंड समेत पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह टी-20 वर्ल्ड कप के मैचों पर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए करोड़ों रुपये का सट्टा लगवा रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान विनय सहगल, नवदीप सिंह, राजीव शर्मा, सलील सेठ और देव कुमार के रूप में हुई है। गैंग का मास्टरमाइंड विनय सहगल, जो दिल्ली का रहने वाला है, Zoom ऐप और उसके ऑडियो फीचर के माध्यम से ऑनलाइन सट्टेबाजी की ‘खाई-बाड़ी’ संचालित कर रहा था।
पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। जानकारी के मुताबिक 5 मार्च को भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए सेमीफाइनल मैच पर इस गिरोह ने बड़े पैमाने पर सट्टा लगवाया था।
मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल डीसीपी Manisha Singh ने बताया कि आरोपियों के पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 32 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 3 टैबलेट और 3 डेस्कटॉप कंप्यूटर बरामद किए हैं। इसके अलावा असेंबल लाइन बॉक्स और आईसी रिकॉर्डर भी मिले हैं, जिनका इस्तेमाल सट्टेबाजी की रिकॉर्डिंग और हिसाब-किताब रखने में किया जाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एक कॉल सेंटर की तरह हाईटेक सेटअप बना रखा था, जहां से देश के अलग-अलग हिस्सों में सट्टा संचालित किया जा रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का नेटवर्क केवल दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं था, बल्कि पंजाब और पड़ोसी देश नेपाल तक फैला हुआ था।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल डेटा और संपर्कों की गहन जांच कर रही है, ताकि इस पूरे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
