पीएम सूर्यघर योजना: 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, सोलर पर ₹78,000 तक सब्सिडी
गौतमबुद्धनगर, 20 फरवरी 2026। प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत सरकार और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। योजना के तहत एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिल सके।
परियोजना अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र स्थापना पर सीधे बैंक खाते में अधिकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। सब्सिडी संरचना के अनुसार 1 किलोवाट क्षमता के लिए ₹30,000, 2 किलोवाट के लिए ₹60,000 तथा 3 किलोवाट के लिए ₹78,000 तक का लाभ अनुमन्य है।
योजना की खास बात यह है कि उपभोक्ता न केवल बिजली बिल में राहत पा सकते हैं, बल्कि अतिरिक्त विद्युत उत्पादन कर उसे ग्रिड में बेचकर आय का अतिरिक्त स्रोत भी बना सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। इच्छुक उपभोक्ता आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं, जिसके बाद संबंधित डिस्कॉम से अनुमोदन प्राप्त करना होगा। अनुमोदन के पश्चात सोलर पैनल स्थापित कर नेट मीटर और बैंक विवरण पोर्टल पर अपलोड करने पर सब्सिडी राशि सीधे खाते में स्थानांतरित कर दी जाएगी।
योजना के अंतर्गत 3 किलोवाट तक के सोलर संयंत्र के लिए लगभग 7 प्रतिशत ब्याज दर पर बिना गारंटी ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आम नागरिकों के लिए सौर ऊर्जा अपनाना और अधिक सुलभ हो सके।
पात्रता की शर्तों के अनुसार आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए, घर की छत सोलर पैनल के लिए उपयुक्त हो, वैध बिजली कनेक्शन अनिवार्य हो तथा किसी अन्य सोलर सब्सिडी योजना का पूर्व में लाभ न लिया गया हो। आवेदन हेतु आधार कार्ड, नवीनतम बिजली बिल, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी आवश्यक हैं।
विस्तृत जानकारी और सहायता के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्यदिवस में परियोजना अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या 111, विकास भवन, सूरजपुर में संपर्क कर सकते हैं। योजना से जुड़ी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
