आईईसी कॉलेज में रस्साकशी प्रतियोगिता, बी.टेक प्रथम वर्ष सेक्शन बी विजेता
- अंतरराष्ट्रीय टग ऑफ वार डे पर छात्रों में दिखा उत्साह
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित आईईसी कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय टग ऑफ वार डे के उपलक्ष्य में रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता का संचालन खेल अधिकारी प्रोफेसर विनोद कुमार के संयोजन में संपन्न हुआ।
प्रोफेसर विनोद कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में संस्थान के विभिन्न कोर्सों की कुल छह टीमों ने भाग लिया। टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों में छात्रों ने जोश और खेल भावना का परिचय दिया। अंतिम मुकाबला बी.टेक प्रथम वर्ष के सेक्शन बी और डी के बीच खेला गया, जिसमें सेक्शन बी की टीम विजेता रही।
विजेता टीम के खिलाड़ी लक्ष्य प्रताप, मनीष तोमर, हर्श दुबे, जितेंद्र, मनीष सिंह, शौर्य सोनी, प्रशांत ठाकुर और सैफ को संस्थान के मुख्य वित्त अधिकारी अभिजीत कुमार ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र एवं शिक्षक उपस्थित रहे, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा।
