AIMT में “विकसित भारत 2047” पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, रक्षा–शिक्षा जगत की दिग्गज हस्तियों ने साझा किया विज़न
ग्रेटर नोएडा, 18 फरवरी 2026। आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (AIMT), ग्रेटर नोएडा में “विकसित भारत 2047: इकोनॉमिक कॉम्पिटिटिवनेस, जियो-पॉलिटिक्स, सिक्योरिटी प्रायोरिटीज और ह्यूमन कैपिटल” विषय पर एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रक्षा और शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों ने भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के रोडमैप पर सारगर्भित विचार रखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ AIMT के निदेशक मेजर जनरल (डॉ.) राजेंद्र बाणा (सेवानिवृत्त) के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने संगोष्ठी की थीम पर प्रकाश डालते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि उच्च शिक्षण संस्थान राष्ट्र निर्माण के प्रमुख स्तंभ हैं।
मेजर जनरल पी. आर. मुरली, VSM (सेवानिवृत्त), प्रबंध निदेशक, Army Welfare Education Society (AWES) ने उद्घाटन भाषण में विकसित भारत के निर्माण के लिए समग्र और एकीकृत दृष्टिकोण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थान भविष्य के नेतृत्व को तैयार करने में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
मेजर जनरल (डॉ.) राजन कोचर, VSM (सेवानिवृत्त) ने “जियो-पॉलिटिक्स – ग्लोबल पार्टनरशिप्स और स्ट्रैटेजिक इन्फ्लुएंस” विषय पर अपने विचार साझा करते हुए अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य में भारत की बढ़ती साख और रणनीतिक संबंधों के महत्व को रेखांकित किया।
ब्रिगेडियर (डॉ.) अशोक कुमार पाठक (सेवानिवृत्त) ने “जॉइंटनेस, आत्मनिर्भरता और इनोवेशन: सुदर्शन चक्र कॉन्सेप्ट” पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा में नवाचार और आत्मनिर्भरता की अनिवार्यता को स्पष्ट किया।
डॉ. चरण सिंह, मुख्य कार्यकारी, EGROW Foundation, ने “विकसित भारत 2047 और कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक पॉलिसीज” पर व्याख्यान देते हुए कहा कि मजबूत मैक्रो-इकोनॉमिक नीतियाँ देश की GDP वृद्धि और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकती हैं।
प्रो. (डॉ.) कपिल पांडला, निदेशक, PM SLD Business School, ने “ह्यूमन कैपिटल: एजुकेशन और स्किल डेवलपमेंट” पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं का कौशल विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा विकसित भारत की वास्तविक ताकत है।
इसके पश्चात AIMT की डॉ. पल्लवी (एरिया चेयर – मार्केटिंग) द्वारा एक इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। समापन अवसर पर कर्नल डी. के. त्यागी, SM (सेवानिवृत्त), रजिस्ट्रार, AIMT, ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
