विजय सिंह पथिक स्टेडियम में किसान संगठनों का मैत्रीपूर्ण क्रिकेट टूर्नामेंट, किसान परिषद बनी विजेता
ग्रेटर नोएडा। किसान संघर्ष मोर्चा से जुड़े तीन प्रमुख संगठनों — किसान सभा, किसान परिषद और किसान एकता संघ — के बीच बुधवार को विजय सिंह पथिक स्टेडियम में मैत्रीपूर्ण क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन आपसी एकता, भाईचारे और संगठनात्मक सामंजस्य का प्रतीक बना, जिसमें खिलाड़ियों के साथ समर्थकों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
तीन टीमों की भागीदारी के कारण किसान परिषद को बाई मिलने से सीधे फाइनल में प्रवेश मिला। फाइनल में पहुंचने के लिए किसान सभा और किसान एकता संघ के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। पहले मैच में किसान एकता संघ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 188 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए किसान सभा की टीम 20 ओवर में 176 रन ही बना सकी। किसान एकता संघ के रोहित भाटी (सलेमपुर) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 35 गेंदों में 68 रन बनाए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
फाइनल मुकाबला किसान परिषद और किसान एकता संघ के बीच खेला गया। किसान एकता संघ की टीम 15 ओवर में 10 विकेट खोकर 97 रन ही बना सकी। जवाब में किसान परिषद ने संयमित प्रदर्शन करते हुए 14 ओवर में 5 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर टूर्नामेंट अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में किसान एकता संघ के सौरभ नागर ने सर्वाधिक 74 रन बनाए, जबकि उम्मेद ने उत्कृष्ट गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का स्थान प्राप्त किया।
टीमों का नेतृत्व किसान सभा के कप्तान शिशांत भाटी, किसान एकता संघ के कप्तान सुमित एडवोकेट और किसान परिषद के कप्तान सचिन एडवोकेट ने किया। विजेता टीम किसान परिषद को ट्रॉफी किसान एकता संघ के सोरन प्रधान, किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा तथा किसान परिषद के उदल आर्य द्वारा प्रदान की गई।
आयोजकों ने कहा कि यह मैत्रीपूर्ण टूर्नामेंट किसान संगठनों के बीच सहयोग, एकजुटता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश देने में पूरी तरह सफल रहा। भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाएंगे ताकि आपसी संबंध और संगठनात्मक मजबूती बनी रहे।
