ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कुट्टू आटा प्रकरण: खाद्य विभाग की त्वरित कार्रवाई, निर्माण इकाई सील
गौतमबुद्धनगर, 16 फरवरी 2026। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कुट्टू का आटा सेवन के बाद लोगों के बीमार होने की घटना पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर टीम ने प्रभावित उपभोक्ताओं और संबंधित दुकानों की जांच की।
जांच के दौरान इको विलेज 3, सुपरटेक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित विकास जनरल स्टोर, हिमालयन प्राइड, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अपना स्टोर तथा रॉयल कोर्ट, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्रशांत स्टोर से कुट्टू का आटा (H Pure Brand) के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण में प्रशांत स्टोर पर खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण नहीं पाया गया, जिसके चलते दुकान को सील कर दिया गया।
दुकानदारों से प्राप्त जानकारी के आधार पर चिपयाना बुजुर्ग स्थित H D Spices नामक निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। मौके पर कुट्टू आटा या कुट्टू गिरी नहीं मिली, हालांकि हल्दी पाउडर और मिर्च पाउडर पाए गए, जिनके नमूने जांच हेतु लिए गए। इकाई के संचालनकर्ता विश्वेन्द्र सिंह ने संबंधित आटे की सप्लाई स्वीकार की।
जांच में यह भी सामने आया कि निर्माण इकाई खसरा नंबर 507, जनपद गौतमबुद्धनगर में स्थित है, जबकि भ्रामक सूचना देकर जनपद गाजियाबाद से खाद्य पंजीकरण प्राप्त कर व्यवसाय संचालित किया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन के चलते इकाई को सील कर दिया गया है। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए भेजा गया है।
विभाग ने प्रकरण में थाना बिसरख में तहरीर देकर आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
