महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में भव्य आध्यात्मिक शोभा यात्रा, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम
ग्रेटर नोएडा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर Brahma Kumaris के तत्वावधान में ज़ेटा-1 स्थित ACE Platinum परिसर से एक भव्य आध्यात्मिक शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा एफ-605, ऐस प्लैटिनम से प्रारंभ होकर एवीजे हाइट्स एवं एटीएस सोसाइटी से होते हुए पुनः ऐस प्लैटिनम परिसर में संपन्न हुई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण परमात्मा शिव का दिव्य शिवलिंग रहा, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं के मन में गहन श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। शोभा यात्रा के दौरान आध्यात्मिक नारों और भक्तिमय भजनों से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूबा दिखाई दिया।
इस अवसर पर राजयोगिनी बी.के. जयंती दीदी ने महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व आत्मा और परमात्मा के मिलन का प्रतीक है। उन्होंने अपने संदेश में आत्मचिंतन, शुद्धता और ईश्वरीय स्मृति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
आयोजन में बी.के. द्वारिका प्रसाद, अशोक भाई, गुड्डू भाई, हेमा बहन, रश्मि बहन, उषा बहन सहित लगभग 150 भाई-बहनों ने श्रद्धा और अनुशासन के साथ सहभागिता की। प्रतिभागियों के उत्साह और समर्पण ने शोभा यात्रा को गरिमामयी बना दिया।
यह आध्यात्मिक आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक जागृति का संदेश लेकर आया। आयोजकों ने सभी सहयोगियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
