कार के अंदर युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, सिर में गोली के निशान
नोएडा। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-107, दादरी रोड पिलर नंबर-84 के पास खड़ी एक कार में युवक-युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार शनिवार, 14 फरवरी 2026 को एक कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कार अंदर से लॉक पाई गई। कार के भीतर एक युवक और एक युवती के सिर में गोली लगी हुई मिली। युवक के हाथ में एक पिस्टल बरामद हुई। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान सुमित (32) पुत्र राजवीर, निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली, तथा रेखा (26) पुत्री देवचंद, निवासी सलारपुर, सेक्टर-101, नोएडा, के रूप में की है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है।
मौके पर पुलिस उच्चाधिकारी एवं फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है।
