अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पर बोलोरो सवार बदमाशों ने किया हमला
ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के कुलेसरा गांव के पुश्ते पर बुधवार देर रात एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पर बोलेरो सवार बदमाशों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने करीब आधा किलोमीटर तक खिलाड़ी की कार का पीछा किया और उनकी कार में पीछे से दो बार टक्कर मारी। पीड़ित का दावा है कि कार न रोकने पर बदमाशों ने फायरिंग भी की। घटना रात करीब 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है। सेक्टर-168 निवासी शिवम ठाकुर पुत्र अरुण कुमार ठाकुर अंतरराष्ट्रीय स्तर के शूटर हैं। वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में 30 से अधिक गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर चुके हैं। शिवम ठाकुर ने बताया कि वह देर रात अपने माता-पिता से मिलने के लिए कार से कुलेसरा गांव स्थित अपने घर जा रहे थे।
