नए मतदाताओं के पंजीकरण व संशोधन के लिए 31 जनवरी को विशेष अभियान
- विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदेय स्थलों पर लिए जाएंगे फार्म-6, 7 व 8
गौतमबुद्धनगर।
विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए 31 जनवरी 2026, शनिवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर मतदाता सूचियों का आलेख्य प्रकाशन 6 जनवरी 2026 को किया जा चुका है। मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक प्राप्त की जा रही हैं। इसी क्रम में 31 जनवरी को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान के दिन समस्त बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर प्रातः 10:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे और मतदाताओं से आवेदन पत्र प्राप्त करेंगे।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्य के लिए निम्न फार्मों का उपयोग किया जाएगा—
फार्म-6 प्रथम बार मतदाता बनने वालों के पंजीकरण हेतु,
फार्म-6क प्रवासी मतदाताओं के पंजीकरण हेतु,
फार्म-7 मतदाता सूची में नाम जोड़ने के प्रस्ताव पर आपत्ति या नाम हटाने के लिए,
फार्म-8 निवास परिवर्तन, प्रविष्टियों में संशोधन, मतदाता फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन एवं दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन हेतु।
भरे हुए आवेदन पत्र (फोटो, पता, जन्मतिथि के प्रमाण व घोषणा पत्र सहित) अपने पोलिंग बूथ के BLO, तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र (VRC), तहसीलदार/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।
इसके अतिरिक्त मतदाता भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन फार्म-6, 7 और 8 भी भर सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा फार्म-6 के माध्यम से नाम दर्ज करा सकते हैं। वहीं विशेष रूप से 24 वर्ष से अधिक आयु के पात्र मतदाता, जिनका नाम अब तक सूची में शामिल नहीं है, वे फार्म-8 के माध्यम से नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
