1 फरवरी को हिंदू एकता सम्मेलन, 12 स्थानों पर होंगे नुक्कड़ नाटक
संघ-विहिप के पदाधिकारी करेंगे संबोधन, सामाजिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण
ग्रेटर नोएडा। सकल हिन्दू समाज एवं हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति के तत्वावधान में आगामी 1 फरवरी 2026, रविवार को हिंदू एकता सम्मेलन का आयोजन सेक्टर पी-3 स्थित बारातघर के पास (शुक्रवार बाजार वाले मैदान) में किया जाएगा।
आयोजन समिति के संरक्षक अरुण अरोड़ा ने स्वर्ण नगरी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कार्यक्रम प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होगा।
आयोजन समिति के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य हिन्दू समाज को संगठित, सशक्त एवं जागरूक बनाना है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मेरठ प्रांत के प्रांत प्रचारक अनिल तथा विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रवेश समाज को संबोधित करेंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व राजनयिक विद्या सागर वर्मा करेंगे।
सम्मेलन में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर विचार रखे जाएंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत रुद्राक्ष बैंड द्वारा भजन क्लबिंग, देवी दुर्गा दर्शप्रहरीणी नृत्य-नाटिका तथा प्रसिद्ध गायक श्रेयस शुक्ला की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेंगी। नृत्य-नाटिका की कोरियोग्राफी अनीता शर्मा द्वारा की जा रही है।
सम्मेलन के प्रचार-प्रसार को प्रभावी बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा के 12 प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से समाज को हिंदू एकता के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
आयोजन समिति के संरक्षक अरुण अरोड़ा ने नगरवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाएं। कार्यक्रम के उपरांत भोजन व्यवस्था भी रहेगी।
इस मौके पर एयर कमोडोर पुष्पेंद्र, अध्यक्ष, हिंदू एकता आयोजन समिति, अरुण अरोड़ा, अध्यक्ष, मंच संचालन समिति एवं संरक्षक, तथा सुनील, अध्यक्ष, निधि संग्रह कर्नल लाखन सिंह (स्वागत समिति), नायक सुबेश भाटी (व्यवस्था समिति) एवं एच.एफ.ओ. महेश्वर सिंह (स्वागत समिति) कांफ्रेंस में मौजूद रहे।
