चारा घोटाले में लालू को बड़ी सजा मिलने के बाद राजनैतिक बयानबाजी तेज
बिहार : चर्चित चारा घोटाला के दुमका कोषागार से अवैध निकासी से संबंधित मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को आज दो धाराओं में कुल चौदह साल की सजा और तीस-तीस लाख का जुर्माना लगाया गया है। लालू की सजा सुनाए जाने के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
एक ओर जहां राजद ने इस सजा पर बीजेपी और जदयू पर षड्यंत्र करने का आरोप लगाया है तो वहीं इसका भाजपा और जदयू ने भी करारा जवाब दिया है।
तेजस्वी का बयान -लालू बेगुनाह, बीजेपी-जदयू की साजिश
लालू के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने कहा है कि मेरे पिता के खिलाफ साजिश रची गई है और उनकी जान को खतरा है। ये सब भाजपा और जदयू की साजिश है, मेरे पिता निर्दोष हैं। उन्होंने कहा कि हमें न्यायालय पर भरोसा है। हम न्याय का दरवाजा खटखटाते रहेंगे।
सुशील मोदी ने कहा-पाप करने की सजा तो मिलती ही है
इसपर उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील मोदी ने कहा है कि ये न्यायालय का मामला है और इस बारे में किसी तरह की टीका-टिप्पणी ठीक नहीं है। न्यायालय के फैसले का सम्मान करना चाहिए। ये लोग जो आरोप लगा रहे हैं कि लालू निर्दोष हैं तो एेसा काम क्यों किया था? पाप करने की सजा तो मिलती ही है।
