बिहार कांग्रेस में दरभंगा में बैठक दौरान हंगामा, नेताओं के खिलाफ नारेबाजी
दरभंगा/बिहार: कांग्रेस में कलह अब सार्वजनिक रूप से सामने आने लगी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद द्वारा राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान का मामला थमा भी नहीं था कि दरभंगा में जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान हंगामा हो गया।
मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत आयोजित चौपाल कार्यक्रम में कुछ कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की। कार्यकर्ताओं ने बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू के सामने ही जोरदार नारे लगाए, जिनमें शामिल थे: “राजेश राम मुर्दाबाद”, “कृष्णा अल्लावरू मुर्दाबाद” और “प्रदेश नेतृत्व चोर है”।
हंगामा बढ़ता देख वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मदन मोहन झा ने हाथ जोड़कर शांत रहने और कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से चलाने की अपील की, लेकिन उनकी बातों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में बिहार कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में ही यह स्थिति उत्पन्न हुई, जिससे पार्टी की आंतरिक कलह फिर एक बार उजागर हुई है।
