नोएडा–ग्रेटर नोएडा के बीच एक और वैकल्पिक मार्ग जल्द, हिंडन पर पुल निर्माण तेज
- नॉलेज पार्क-3 से सेक्टर 146-147 को जोड़ेगा नया रास्ता, परी चौक पर घटेगा ट्रैफिक दबाव
ग्रेटर नोएडा।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। नॉलेज पार्क-3 से नोएडा के सेक्टर 146-147 के बीच हिंडन नदी पर बन रहे पुल और एप्रोच रोड को शीघ्र शुरू करने की तैयारी है। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने मंगलवार को एप्रोच रोड के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
नोएडा–ग्रेटर नोएडा के बीच यातायात को आसान बनाने के उद्देश्य से इस वैकल्पिक मार्ग पर तेजी से काम चल रहा है। हिंडन नदी पर बनने वाले पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड का निर्माण नोएडा प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा की ओर एप्रोच रोड की लंबाई लगभग एक किलोमीटर है, जिस पर करीब 25 करोड़ रुपये की लागत आ रही है।
प्राधिकरण के अनुसार, ग्रेटर नोएडा की तरफ एप्रोच रोड का करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य को अगले छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि पुल के शुरू होते ही इस मार्ग को आम जनता के लिए खोलने की तैयारी सुनिश्चित की जाए।
महाप्रबंधक एके सिंह ने निरीक्षण के दौरान वर्क सर्किल-5 की टीम को समयबद्ध ढंग से निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, हिंडन नदी पर पुल का निर्माण ब्रिज कॉरपोरेशन की निगरानी में किया जा रहा है, जिसके भी लगभग छह माह में पूरा होने की उम्मीद है। इस दौरान नोएडा की ओर एप्रोच रोड का कार्य भी समानांतर रूप से पूरा कर लिया जाएगा।
इस नए वैकल्पिक मार्ग के शुरू होने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रा करने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, परी चौक पर वाहनों का दबाव भी काफी हद तक कम होने की संभावना है।
