77वें गणतंत्र दिवस पर आईटीबीपी के 15 अधिकारी पदकों से सम्मानित
नई दिल्ली, 25 जनवरी।
77वें गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के 15 पदाधिकारियों को उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पदकों से अलंकृत किए जाने की घोषणा की गई है। इनमें तीन अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक, जबकि 12 पदाधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
आईटीबीपी के अनुसार, विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होने वाले अधिकारियों में
महानिरीक्षक ओम प्रकाश यादव, उप महानिरीक्षक संजीव कुमार सिंह तथा सहायक सेनानी गिरीश चंद्र पाटनी शामिल हैं। इन अधिकारियों को बल के लिए दी गई असाधारण सेवाओं और नेतृत्व क्षमता के लिए चुना गया है।
वहीं सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित होने वाले 12 पदाधिकारियों में उप महानिरीक्षक विजय कुमार देशवाल, सेनानी टाशी नमग्याल, सुभाष चंद्र यादव और देवनाथ राय शामिल हैं। इसके अलावा सहायक सेनानी द्वारिका प्रसाद ढौंडियाल, कैलाश चंद्र ढौंडियाल और जोगिंदर कुमार, निरीक्षक छेरिंग दोर्जे और राजेंद्र बिक्रम सेन, उप निरीक्षक राम कुमार और विजय कुमार, तथा सहायक उप निरीक्षक प्रसन्नन पी.एस. को भी सम्मानित किया जाएगा।
महानिदेशक, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल एवं समस्त बल परिवार ने सभी पदक प्राप्तकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान बल के जवानों के समर्पण, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक है। अधिकारियों की यह उपलब्धि आईटीबीपी के मनोबल को और अधिक मजबूत करेगी तथा अन्य जवानों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
