सिटी हार्ट अकैडमी स्कूल में बसंत पंचमी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई
दादरी। दादरी कटहरा रोड स्थित सिटी हार्ट अकैडमी स्कूल में बुधवार को बसंत पंचमी पर्व एवं महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की जयंती धूमधाम से मनाई गई। पूरे विद्यालय परिसर में सुबह से ही उत्सव का माहौल देखने को मिला और पीले रंग की छटा बिखरी रही।
बसंत पंचमी के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राएं और समस्त स्टाफ पीले वस्त्र धारण कर स्कूल पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। विद्यालय के डायरेक्टर संदीप भाटी और प्रधानाचार्या रुचि भाटी ने स्टाफ के साथ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर सरस्वती वंदना का गायन किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने मां सरस्वती के गुणगान में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नृत्य एवं गीतों के माध्यम से बच्चों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहा।
इसी अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती भी मनाई गई। बच्चों और शिक्षकों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके देश के प्रति योगदान को याद किया।
विद्यालय के डायरेक्टर संदीप भाटी ने सभी को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
