मनरेगा बचाओ संग्राम: दुजाना गांव में कांग्रेस की ग्राम चौपाल, केंद्र सरकार पर तीखा हमला
दादरी/गौतमबुद्ध नगर।
जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आज दादरी विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े गांव दुजाना में एक विशाल ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली।
ग्राम चौपाल के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं सहप्रभारी उत्तर प्रदेश प्रदीप नरवाल रहे, जबकि अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं सहप्रभारी हिमाचल प्रदेश विदित चौधरी ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में संगठन मंत्री अनिल यादव उपस्थित रहे। आयोजन के संयोजक जिला पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ कांग्रेस के जिला चेयरमैन महाराज सिंह रहे।
मनरेगा गरीबों की संवैधानिक गारंटी, भाजपा कर रही कमजोर : प्रदीप नरवाल
ग्राम चौपाल को संबोधित करते हुए प्रदीप नरवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों के लिए रोजगार की संवैधानिक गारंटी है, लेकिन भाजपा सरकार इसे योजनाबद्ध तरीके से समाप्त करने पर आमादा है।
उन्होंने कहा कि बजट में कटौती, काम के दिनों में कमी, मजदूरी भुगतान में देरी और अब योजना का नाम बदलने की कोशिश—ये सभी कदम मनरेगा को कमजोर करने की साजिश का हिस्सा हैं।
नरवाल ने कहा कि कांग्रेस ने मनरेगा को गरीबों को ताकत देने के लिए बनाया था, जबकि भाजपा इसे गरीबों से उनके अधिकार छीनने का हथियार बना रही है। कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक इस जनविरोधी नीति के खिलाफ संघर्ष करेगी।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है मनरेगा : विदित चौधरी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विदित चौधरी ने कहा कि आज देश का ग्रामीण समाज बेरोजगारी, महंगाई और बदहाल कृषि व्यवस्था से जूझ रहा है। ऐसे समय में मनरेगा जैसी योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि जल संरक्षण, हरियाली, बुनियादी ढांचे और सामाजिक सुरक्षा का भी मजबूत माध्यम है। यदि मनरेगा के साथ यह खिलवाड़ बंद नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी देशभर में आंदोलन को और तेज करेगी।
भाजपा की गरीब-विरोधी नीतियों के खिलाफ जनआंदोलन : दीपक भाटी
जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि मनरेगा बचाओ संग्राम भाजपा सरकार की गरीब-विरोधी नीतियों के खिलाफ जन आक्रोश की आवाज है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आज गांवों में मजदूर काम के लिए भटक रहा है, भुगतान के लिए तरस रहा है और अधिकारी तकनीकी बहानों में उलझा रहे हैं।
अपने संबोधन से पहले उन्होंने उपस्थित जनसमूह को मनरेगा बचाने की सामूहिक शपथ दिलाई और कहा कि जब तक 100 दिन का काम और समय पर पूरी मजदूरी सुनिश्चित नहीं होती, कांग्रेस पार्टी पंचायत से लेकर जिला मुख्यालय तक आंदोलन चलाती रहेगी।
ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं
ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने काम न मिलने, मजदूरी भुगतान में देरी, जॉब कार्ड से जुड़ी बाधाएं और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने कांग्रेस पार्टी के मनरेगा बचाओ संग्राम को समर्थन देने का भरोसा भी दिलाया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में महाराज सिंह नागर, वंश नागर, हरिन्द्र शर्मा, सुरेंद्र डेढ़ा, रण सिंह प्रधान, ब्रह्म सिंह प्रधान, देशराज, मुकेश यादव, अशोक पंडित, दुष्यन्त नागर, महिपाल सिंह नागर, जवाहर सिंह नागर, धर्म सिंह, ऋषिपाल सिंह, तेजवीर सिंह, पुरुषोत्तम नागर, सूबेदार सतपाल सिंह, विजय नागर, सतीश शर्मा, यूनुस कुरैशी, नरेश शर्मा, नीरज लोहिया, निशा शर्मा, संदीप नागर, कपिल भाटी, आर.के. प्रथाम, तनवीर अहमद सहित जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर के कांग्रेस पदाधिकारी, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
