बसंत पंचमी पर चामुंडा देवी शिव शक्ति मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, बारिश में भी निकली भव्य कलश यात्रा
जहांगीरपुर। (कृष्णा वत्स)
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर चामुंडा देवी शिव शक्ति मंदिर में शुक्रवार से सप्ताह भर चलने वाली श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें खराब मौसम और भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा।
कलश यात्रा पुरा महादेव शिव मंदिर से प्रारंभ होकर पुराना बाजार, अतर सिंह मार्ग, बस अड्डा सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई नगर भ्रमण के बाद बैंड-बाजे के साथ श्रद्धापूर्वक श्री चामुंडा देवी शिव शक्ति मंदिर परिसर स्थित श्रीमद्भागवत कथा पंडाल में पहुंची, जहां विधिवत रूप से कलश स्थापित किए गए।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र मीणा ने फीता काटकर किया।
बारिश में भी नहीं डिगा श्रद्धालुओं का उत्साह
खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था और भक्ति भाव से कलश यात्रा में भाग लिया। भक्तगण भजनों और जयघोष के साथ नाचते-गाते नजर आए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
29 जनवरी को भंडारे के साथ होगा समापन
आयोजन से जुड़े सुरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन हर वर्ष किया जाता है। इस वर्ष कथा का शुभारंभ 23 जनवरी, बसंत पंचमी को हुआ है, जिसका समापन 29 जनवरी 2026 को भंडारे के साथ किया जाएगा।
हजारों भक्त रहे मौजूद
कलश यात्रा और कथा आयोजन में प्रवीन मीणा, मलखान सिंह, रतन वीर सिंह, हरीराज सिंह, चामुंडा देवी शक्तिपीठ के पुजारी राम जी मिश्रा, रणवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन को लेकर पूरे नगर में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।
