मनरेगा बचाओ संग्राम: आकलपुर गांव पहुँचा कांग्रेस का पंचायत स्तरीय जागरूकता अभियान
दादरी/गौतमबुद्ध नगर। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” के अंतर्गत पंचायत स्तरीय जागरूकता अभियान का कारवाँ मंगलवार को दादरी विधानसभा क्षेत्र के आकलपुर गांव पहुँचा। कार्यक्रम की संयोजकता जिला कांग्रेस महासचिव दयानन्द नागर ने की, अध्यक्षता चरण सिंह आर्य ने की तथा संचालन मुकेश शर्मा द्वारा किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम देश के गरीब, मजदूर, किसान और ग्रामीण बेरोजगार युवाओं के लिए केवल एक योजना नहीं, बल्कि जीवन रेखा है। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा को योजनाबद्ध तरीके से कमजोर कर रही है—काम के दिन घटाए जा रहे हैं, मजदूरी समय पर नहीं मिल रही और नाम व स्वरूप बदलकर योजना को समाप्त करने की साजिश की जा रही है।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि चुनाव के समय “सबका साथ, सबका विकास” का नारा देने वाली सरकार सत्ता में आते ही गरीब-विरोधी, मजदूर-विरोधी और किसान-विरोधी नीतियाँ लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में बेरोजगारी चरम पर है, खेती घाटे का सौदा बन चुकी है; ऐसे में मनरेगा ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संजीवनी देता है। कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने देगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा बचाओ संग्राम केवल आंदोलन नहीं, बल्कि गरीबों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। चेतावनी दी कि यदि बकाया मजदूरी का तत्काल भुगतान नहीं हुआ, 100 दिन का काम सुनिश्चित नहीं किया गया और योजना से छेड़छाड़ बंद नहीं हुई, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
कार्यक्रम संयोजक एवं जिला कांग्रेस महासचिव दयानन्द नागर ने कहा कि मनरेगा करोड़ों ग्रामीण परिवारों के लिए सम्मानजनक रोजगार की गारंटी है। आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर जानबूझकर प्रक्रियाएँ उलझाई जा रही हैं, ताकि मजदूर हताश होकर योजना से दूर हो जाएँ—यह सीधे-सीधे गरीबों के हक पर डाका है।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने भी काम न मिलने, भुगतान में देरी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याएँ खुलकर रखीं तथा कांग्रेस के संघर्ष को समर्थन देने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में चरण सिंह नेताजी, दयानंद नागर, मुकेश शर्मा, बिशंबर सिंह, अशोक पंडित, हरवीर सिंह, महाराज सिंह नागर, सोनू कुमार, धर्म सिंह जीनवाल, जयवीर नागर, विजय नागर, श्रीनिवास नागर, देवेश चौधरी, चंद्रपाल नागर, गजन सिंह प्रधान, तुरसैन पाल, सचिन जीनवाल, जमील खान, राममेहर, नीरज शर्मा, राजकुमार, ओमकार राणा, महकार सिंह, सचिन भाटी, राहुल, करण, महेंद्र, अजीपाल, ईश्वर, जगत सिंह, मांगेराम, तारा, पीयूष जाटव, मनीष सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, मनरेगा लाभार्थी तथा जिला-ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
