जीडी गोइंका पब्लिक स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया आर्मी डे
ग्रेटर नोएडा।
जीडी गोइंका पब्लिक स्कूल में आर्मी डे का आयोजन बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में भारतीय सेना के प्रति सम्मान और गर्व स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. रेनू सैगल ने बच्चों को संबोधित करते हुए भारतीय सेना के जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवान देश की सुरक्षा के लिए हर परिस्थिति में अपने प्राणों की आहुति देने को तत्पर रहते हैं और उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, वहीं स्कूल असेम्बली के दौरान देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारे लगाए, जिससे पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
आर्मी डे के इस आयोजन ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सेना के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत किया।
