नोएडा में इंटरनेशनल साइबर ठगी का खुलासा, 1XBET बैटिंग ऐप से करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार
नोएडा।
साइबर अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत नोएडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना फेस-1 पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय एक साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 1XBET ऑनलाइन बैटिंग ऐप के नाम पर देशभर के लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई श्रीनगर साइबर थाने में दर्ज एक मुकदमे की जांच के दौरान की गई, जिसमें ठगी के तार नोएडा स्थित एक अवैध कॉल सेंटर से जुड़े मिले। जांच के दौरान i4C (Indian Cyber Crime Coordination Centre) से मिले इनपुट के आधार पर थाना फेस-1 पुलिस ने सेक्टर-1 स्थित MIR PEGASIS CONNECT PVT LTD कंपनी के कार्यालय पर छापा मारा। यहां से पुलिस ने मुख्य आरोपी अनूप श्रेष्ठ को गिरफ्तार किया, जो मूल रूप से नेपाल का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अनूप श्रेष्ठ वर्ष 2022 में मास्को (रूस) गया था, जहां उसने 1XBET कंपनी के मुख्यालय में करीब ढाई साल तक काम किया। वहीं से उसे भारत में नेटवर्क फैलाने की जिम्मेदारी दी गई। जून 2025 में भारत लौटने के बाद वह दिल्ली-नोएडा से इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था। गिरोह भारत में प्रतिबंधित 1XBET बैटिंग ऐप के जरिए लोगों को जुए के लिए उकसाता था और मनी लॉन्ड्रिंग व म्यूल अकाउंट्स के माध्यम से करोड़ों रुपये का लेन-देन कर रहा था।
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि आरोपी और उसके नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। गिरोह द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे बैंक खातों और अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं, जिनमें एक हाई-टेक सर्वर, चार कंप्यूटर सीपीयू, तीन इंटरनेट राउटर, दस PNT फोन, विशेष रूप से तैयार अंग्रेजी और रूसी भाषा के की-बोर्ड तथा ठगी से संबंधित डेटा से भरा मोबाइल फोन शामिल है। पुलिस का दावा है कि बरामद सर्वर की तकनीकी जांच से देशभर में हुए कई बड़े साइबर फ्रॉड मामलों के अहम सुराग मिल सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह को बड़ा झटका लगा है, बल्कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और डिजिटल धोखाधड़ी के खिलाफ अभियान को भी मजबूती मिली है।
