जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, 161 शिकायतें दर्ज
डीएम ने तहसील जेवर में की अध्यक्षता, 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
गौतमबुद्धनगर : आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जनपद गौतम बुद्ध नगर की तीनों तहसीलों—जेवर, दादरी एवं सदर—में आज संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान तीनों तहसीलों में कुल 161 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा किया गया। शेष शिकायतों के लिए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए गए।
तहसील जेवर में डीएम ने सुनीं फरियादें
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने तहसील जेवर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय सत्यापन करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
तहसील जेवर में कुल 60 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 02 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को समयसीमा तय कर कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि शासन जनता की समस्याओं के प्रति अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का निस्तारण गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें और केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रहें।
बाल विवाह रोकथाम व नशा मुक्ति की शपथ
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को बाल विवाह रोकथाम एवं नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से यह संकल्प लिया गया कि समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को किसी भी परिस्थिति में होने नहीं दिया जाएगा तथा नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण में सभी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
अन्य तहसीलों का हाल
तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) बच्चू सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 05 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 96 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया।
अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, डिप्टी कलेक्टर विवेक भदौरिया, तहसीलदार ओमप्रकाश पासवान, खंड विकास अधिकारी दादरी नेहा, नायब तहसीलदार अजेंद कुमार तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर प्रभावी एवं जवाबदेह कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
