बाबा खाटूश्याम के संकीर्तन में राम नाम से रिझे हनुमान
जहांगीरपुर (कृष्णा वत्स)।
प्रत्येक माह की ग्यारस के अवसर पर बुधवार रात जनता अनाज मंडी, जहांगीरपुर में बाबा खाटूश्याम के भव्य संकीर्तन का आयोजन किया गया। संकीर्तन का आयोजन श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष राहुल बंसल के नेतृत्व में किया गया, जिसमें श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला।
संकीर्तन में बाबा खाटूश्याम जी का भव्य दरबार सजाया गया। आयोजन से पूर्व सभी भक्तों ने अपने परिवार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पंछी एंड पार्टी के संचालक अमित वर्मा ने बाबा खाटूश्याम की पावन ज्योत प्रज्ज्वलित कर उनका आवाहन किया।
इसके पश्चात रात नौ बजे गायक प्रांजल राघव ने गणेश वंदना के साथ संकीर्तन का शुभारंभ किया। इसके बाद भजन गायिका श्रद्धा ठाकुर और गायक अशोक लक्खा ने बाबा खाटूश्याम की महिमा के साथ भगवान राम का गुणगान करते हुए राम नाम से हनुमान को रिझाया। दोनों कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन “राम जी चले ना हनुमान के बिना, हनुमान जी चले ना राम के बिना” पर भक्त भाव-विभोर होकर झूम उठे और देर रात तक भक्ति में लीन रहे।
रात्रि बारह बजे बाबा खाटूश्याम को भोग अर्पित किया गया, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर अंशुल मंगला, मुकेश राहुल अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, राकेश शर्मा, टिल्लू गर्ग, शालू अग्रवाल, मोनू गोयल, विवेक कुमार, नवीन अग्रवाल, मुकेश तायल, ब्रजेश गुप्ता, राजू गर्ग, सुमनलता देवी, निशा गर्ग, प्राची, साक्षी, विनीता, तनु प्रिया सहित सैकड़ों भक्तों ने संकीर्तन का आनंद लिया।
