नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बनेगा अत्याधुनिक फिनटेक हब, सेक्टर-11 यीडा क्षेत्र में 250 एकड़ में परियोजना पर मंथन
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के समीप यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र के सेक्टर-11 में प्रस्तावित अत्याधुनिक फिनटेक हब के विकास को लेकर सोमवार, 12 जनवरी 2026 को होटल ले मेरिडियन (डिज़ायर हॉल) में एक महत्वपूर्ण स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन वर्कशॉप का आयोजन किया गया। यह फिनटेक हब लगभग 250 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जाना प्रस्तावित है।
कार्यशाला की अध्यक्षता राकेश कुमार सिंह (आईएएस), मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यीडा ने की। इस अवसर पर नगेन्द्र प्रताप (आईएएस), अतिरिक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी, शैलेन्द्र कुमार भाटिया (आईएएस), अतिरिक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं राजेश कुमार (आईएएस), अतिरिक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यीडा भी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
डीपीआर तैयारी के चरण में परियोजना
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार फिनटेक हब परियोजना वर्तमान में डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार किए जाने के चरण में है, जिसकी कंसल्टेंसी का कार्य प्रतिष्ठित संस्था कुशमैन एंड वेकफील्ड द्वारा किया जा रहा है। डीपीआर तैयार करते समय भूमि उपयोग, कनेक्टिविटी, आर्थिक विकास और सामाजिक अवसंरचना जैसे प्रमुख पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
फिनटेक, बैंकिंग और रियल एस्टेट सेक्टर की सक्रिय भागीदारी
कार्यशाला में SAAS, इंश्योरेंस, बैंकिंग सेक्टर से जुड़े विशेषज्ञों के साथ-साथ प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर्स ने भी सहभागिता की। प्रतिभागियों ने फिनटेक हब के विकास मॉडल, नियामक ढांचे तथा निर्बाध संचालन के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
स्टेकहोल्डर्स के सुझाव होंगे शामिल
कार्यशाला के दौरान प्राप्त सभी सुझावों को प्रस्तावित फिनटेक हब के अंतिम डीपीआर/डीएफआर (डिटेल्ड फाइनेंशियल रिपोर्ट) में शामिल किए जाने पर विचार किया जाएगा।
आर्थिक सशक्तिकरण और बेहतर जीवन गुणवत्ता पर जोर
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने दोहराया कि फिनटेक हब की अंतिम डीपीआर/डीएफआर तैयार करते समय आर्थिक गतिशीलता, रोजगार सृजन और उच्च गुणवत्ता वाले जीवन स्तर पर विशेष बल दिया जाएगा। प्राधिकरण का उद्देश्य है कि यह फिनटेक हब न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि देश के डिजिटल और वित्तीय तकनीकी परिदृश्य में एक नई पहचान स्थापित करे।
