रामलाल वृद्ध आश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण शिविर, 50 वृद्धजनों की हुई जांच
ग्रेटर नोएडा।
वरिष्ठ नागरिक समाज गौतमबुद्ध नगर एवं शारदा केयर हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को रामलाल वृद्ध आश्रम में निराश्रित वृद्धजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान कुल 50 वृद्धजनों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र जांच की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक समाज के अध्यक्ष रमनपाल सिंह ने बताया कि जिन वृद्धजनों की आंखों में मोतियाबिंद (कैटरैक्ट) अथवा अन्य नेत्र संबंधी समस्याएं पाई गई हैं, उनका शारदा केयर हॉस्पिटल में निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा।
स्वास्थ्य शिविर में शारदा केयर हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम से डा. विजय गुर्जर, डा. राकेश सिंह, डा. अनुपम शर्मा, डा. फैज एवं डा. लक्ष्मी ने सेवाएं प्रदान कीं। वहीं वृद्ध आश्रम के संचालक शिवप्रसाद शर्मा सहित हेमंत कुमार, सतवीर सिंह, मनोज कुमार, श्रीमती ज्योति शर्मा, कु. रिया चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से वृद्धजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की इस पहल की सभी ने सराहना की।
