अल्फा-1 ग्रेटर नोएडा में संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा का भव्य समापन, हवन-पूर्णाहुति व विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
ग्रेटर नोएडा। अल्फा-1 सेक्टर स्थित शिव मंदिर के सामने आयोजित संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा का आज विधिवत और भव्य समापन हो गया। सप्ताह भर चले इस धार्मिक आयोजन में समस्त सेक्टरवासियों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और देवी भागवत कथा, हवन एवं पूर्णाहुति में भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।
कथा समापन अवसर पर प्रातः हवन एवं पूर्णाहुति संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर माँ भगवती से सुख-समृद्धि की कामना की। पूर्णाहुति के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी भक्तों ने श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया।
इससे पूर्व बीती रात कथा स्थल पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें भक्त राम नाम के संकीर्तन में लीन नजर आए। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा वातावरण भक्तिरस से ओतप्रोत हो गया। वहीं समापन दिवस की सुबह कन्या पूजन भी विधिवत रूप से संपन्न हुआ, जहां कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर पूजन कर प्रसाद वितरित किया गया।
वृन्दावन से पधारे परम श्रद्धेय शिवकुमार रामानुजाचार्य के संगीतमय और भावपूर्ण कथा वाचन ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक ऊंचाइयों तक पहुंचाया। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने व्यास जी के प्रति आभार व्यक्त किया और आयोजकों की सराहना की।
यह संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा RWA एवं समस्त भक्तों के संरक्षण में आयोजित की गई। आयोजन के सफल समापन पर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सप्ताह भर चले इस धार्मिक आयोजन से अल्फा-1 सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा, जिसकी स्मृतियां श्रद्धालुओं के मन में लंबे समय तक बनी रहेंगी।
