गुरुद्वारा सिंह सभा ग्रेटर नोएडा वेस्ट में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया श्री गुरु गोविन्द सिंह साहिब का 360वां प्रकाश पर्व
ग्रेटर नोएडा वेस्ट। गुरुद्वारा सिंह सभा, गौड़ सिटी/क्रॉसिंग, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सिखों के दशम गुरु श्री गुरु गोविन्द सिंह साहिब जी का 360वां प्रकाश पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा परिसर भक्ति, कीर्तन और सेवा भाव से सराबोर नजर आया।
प्रकाश पर्व से पूर्व 5 दिसंबर 2025 से 25 दिसंबर 2025 तक गुरुद्वारा साहिब से प्रभात फेरियों का आयोजन किया गया, जिनका गंतव्य क्रॉसिंग, गौड़ सिटी एवं नोएडा वेस्ट के विभिन्न क्षेत्रों में निवास करने वाले गुरुघर के प्रेमियों के घर रहे। प्रभात फेरियों के माध्यम से पूरे क्षेत्र में गुरु की महिमा का संदेश गूंजता रहा।
गुरुपर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब को भव्य एवं आकर्षक ढंग से सजाया गया। प्रातःकाल से ही गुरुघर के प्रेमी बड़ी संख्या में मत्था टेकने के लिए गुरुद्वारा पहुंचने लगे। प्रातः 10 बजे अखंड पाठ की समाप्ति के पश्चात 10.30 से 11.30 बजे तक हजूरी रागी जत्था के भाई अमरजीत सिंह ने गुरुवाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। इसके उपरांत 11.30 से 12.30 बजे तक बीबी अमनदीप कौर (पटना वाले) तथा 12.30 से 1.30 बजे तक भाई यश कारण सिंह (आनंदपुर साहिब वाले) ने मधुर कीर्तन से संगत को भावविभोर कर दिया। अंत में कथावाचक भाई हरवीर सिंह (हेड ग्रंथी) ने गुरु कथा के माध्यम से श्री गुरु गोविन्द सिंह साहिब के महान कार्यों एवं उनके जीवनदर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर प्रातःकाल से ही चाय, दूध, मठ्ठी, लड्डू आदि की सेवा निरंतर चलती रही। दोपहर 2 बजे दीवान की समाप्ति के पश्चात गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गुरुघर के प्रेमियों के साथ-साथ विभिन्न समुदायों के लोगों ने सहभागिता कर लंगर का प्रसाद ग्रहण किया।
रात्रि दीवान का शुभारंभ सायं 6.30 बजे भाई अमरजीत सिंह के कीर्तन से हुआ। इसके पश्चात भाई महिपाल सिंह (अकाल तख्त वाले), सहज दीप सिंह (दिल्ली वाले) तथा गुरुदेव सिंह (ऑस्ट्रेलिया वाले) सहित विभिन्न रागी जत्थों ने गुरु के जीवनदर्शन पर आधारित कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। रात्रि दीवान की समाप्ति रात्रि 10 बजे अरदास के उपरांत हुई, जिसके पश्चात पुनः गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष सुरिंदर सिंह ने रागी साहिबानों को गुरु परंपरा के अनुसार सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। दीवान का संपूर्ण संचालन सेक्रेटरी जसपाल सिंह द्वारा किया गया। उपाध्यक्ष एन.एस. बब्बर ने लंगर सेवा का कार्यभार संभाला, जबकि भूतपूर्व अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य आर.एस. उप्पल ने जोड़ों एवं पर्व की व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन में सहयोग प्रदान किया और कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
