अल्फा-1 ग्रेटर नोएडा में देवी भागवत कथा के तीसरे दिन शिवकुमार रामानुजाचार्य के प्रवचनों से महिषासुर व शुंभ-निशुंभ प्रसंग, भक्त हुए भावविभोर
ग्रेटर नोएडा। अल्फा-1 सेक्टर स्थित शिव मंदिर के सामने आयोजित संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा के तीसरे दिन कथा स्थल पर भक्ति, श्रद्धा और भावविभोर कर देने वाला वातावरण देखने को मिला। वृन्दावन से पधारे परम श्रद्धेय शिवकुमार रामानुजाचार्य के ओजस्वी और भावप्रधान कथा वाचन ने श्रद्धालुओं को माँ भगवती की लीलाओं में पूरी तरह डुबो दिया।
तीसरे दिन की कथा में व्यास जी ने महिषासुर की उत्पत्ति का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि अहंकार और अधर्म किस प्रकार असुर प्रवृत्ति को जन्म देता है और अंततः माँ दुर्गा के अवतरण का कारण बनता है। इसके पश्चात शुंभ-निशुंभ प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसमें देवी की महाशक्ति, साहस और अधर्म के विनाश का संदेश प्रमुख रूप से सामने आया। इस प्रसंग के दौरान पंडाल में बैठे श्रद्धालु “जय माता दी” के जयकारों के साथ भक्ति में लीन नजर आए।
कथा क्रम में शुकदेव जी के विवाह प्रसंग का भी उल्लेख किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु कथा के मानवीय और आध्यात्मिक पक्ष से गहराई से जुड़ते चले गए। इसके साथ ही शौवरी ऋषि की कथा का वर्णन किया गया, जिसमें संयम, तप और जीवन में संतुलन का गूढ़ संदेश दिया गया। व्यास जी ने सरल शब्दों में समझाया कि जीवन में विवेक और साधना का कितना बड़ा महत्व है।
कथा स्थल पर श्रद्धालु पूरी तरह भाव विभोर दिखाई दिए। कहीं आंखें नम थीं तो कहीं भक्त माँ भगवती की स्तुति में तल्लीन नजर आए। संगीतमय प्रस्तुति के कारण कथा का प्रत्येक प्रसंग और भी जीवंत हो उठा, जिससे पूरा पंडाल भक्तिरस से सराबोर हो गया।
यह विशाल धार्मिक आयोजन RWA एवं समस्त भक्तों के संरक्षण में 25 दिसम्बर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक हवन-पूजन भी संपन्न हो रहा है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।
संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा के माध्यम से अल्फा-1 सहित आसपास के क्षेत्रों में निरंतर आध्यात्मिक चेतना और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
