ग्रेटर नोएडा में ऊर्जा संरक्षण पर राष्ट्रीय सेमिनार, एसोसिएशन ऑफ़ एनर्जी इंजीनियर्स की 14वीं AGM संपन्न
ग्रेटर नोएडा: शारदा विश्वविद्यालय के बोर्ड रूम में एसोसिएशन ऑफ़ एनर्जी इंजीनियर्स (AEE), दिल्ली चैप्टर की 14वीं वार्षिक आम सभा (AGM) और ऊर्जा संरक्षण व प्रबंधन पर राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का स्वागत भाषण चैप्टर के प्रेसिडेंट डॉ. आर.के. यादव ने किया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवराम खरा ने ऊर्जा संरक्षण और भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं पर विशेष प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में AEE साउथ एशिया के उपाध्यक्ष डॉ. बिनॉय चौधरी, पुणे चैप्टर के अध्यक्ष विनय गाडिकार सहित पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, कोलकाता और नागपुर चैप्टर्स के अध्यक्ष और सचिव ऑनलाइन जुड़े। उन्होंने इस पहल और चैप्टर के विकास में सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की। AEE अटलांटा के पेरेंट बॉडी के साथ मिलकर ऊर्जा दक्षता (Energy Efficiency) और स्थायी समाधान (Sustainable Practices) को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। सेमिनार का संयोजन शारदा विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. परमानन्द ने किया, जबकि संचालन डॉ. सुमन लता ने किया।
AGM में प्रो. विवेक ने 2025 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें मुख्य उपलब्धियों के रूप में 30 अगस्त, 2025 को IISWBM कोलकाता में आयोजित नेट ज़ीरो कॉन्फ्रेंस और पूरे भारत में नवीकरणीय ऊर्जा एकीकरण व क्षमता निर्माण बढ़ाने के लिए 6 नवंबर, 2025 को एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (EESL) के साथ समझौता ज्ञापन शामिल हैं।
डॉ. प्रेम प्रकाश मित्तल को AEE इंटरनेशनल एनर्जी इंजीनियर ऑफ द ईयर 2025 के लिए रनर-अप के रूप में सम्मानित किया गया। AGM में 2026 के निदेशक मंडल का चुनाव हुआ। इसमें डॉ. आर.के. यादव को अध्यक्ष, एसी वर्मा, अतर सिंह और प्रवीण कुमार सूद को उपाध्यक्ष, प्रो. विवेक कुमार को सचिव, विपिन रोहिला को संयुक्त सचिव, अजय सिंह को कोषाध्यक्ष, जीपी कुमावत को संयुक्त कोषाध्यक्ष तथा एस.एस. मान, डॉ. अल्पना गोयल और डॉ. योगेश गुप्ता को कार्यकारी सदस्य के रूप में चुना गया।
तकनीकी सत्र में रोहित दत्त पालीवाल ने भारतीय कार्बन बाज़ार (ICM) पर, प्रवीण कुमार सूद ने EV चार्जिंग और बैटरी तकनीक पर, विक्रांत अग्रवाल ने EV चार्जिंग स्टेशन और होम ऑटोमेशन सिस्टम पर, तथा विपिन रोहिल्ला ने ESCO मॉडल और M&V पर व्याख्यान दिया। लघु उद्योग भारती के जिला अध्यक्ष नरेश कुमार गुप्ता ने एकेडेमिया, उद्योग और पेशेवर संघठनों के संयुक्त प्रयास पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सुनील श्रीवास्तव, रविंद्र जोशी, डॉ. उषा तिवारी, डॉ. मुखोपाध्याय, डॉ. सी. मोहन सहित विभिन्न फैकल्टी, छात्र और ऊर्जा पेशेवर उपस्थित रहे।
