नकदी व लैपटॉप लूट कांड का खुलासा, तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार
गौतमबुद्धनगर।
कमिश्नरेट पुलिस ने एक बार फिर सक्रियता और सतर्कता का परिचय देते हुए लूट की बड़ी वारदात का सफल खुलासा किया है। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सर्फाबाद क्षेत्र में हुई नकदी व लैपटॉप लूट की घटना में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से ₹95 हजार नकद, एक लैपटॉप, घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल तथा अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 दिसंबर 2025 को थाना सेक्टर-113 पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम सर्फाबाद, सेक्टर-73 नोएडा से तीन अभियुक्तों—जाहिद अली उर्फ पपला, तरुण और पुष्पेंद्र उर्फ भोला—को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभियुक्त तरुण के कब्जे से एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) तथा जाहिद अली उर्फ पपला और पुष्पेंद्र उर्फ भोला के पास से एक-एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
इस तरह देते थे लूट की वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्तगण एक साथ दोपहिया वाहन पर घूमकर ऐसे लोगों की रेकी करते थे जिनके पास नकद धनराशि होती थी। रात के समय वे राह चलते लोगों को रोककर मारपीट करते और रुपये लूटकर फरार हो जाते थे। पकड़े जाने के डर से वारदात के समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे। विरोध होने पर तमंचा और चाकू दिखाकर लोगों को भयभीत किया जाता था। लूट की रकम को आपस में बांटकर खाने-पीने और पुराने उधार चुकाने में खर्च कर देते थे।
अभियुक्तों का विवरण
जाहिद अली उर्फ पपला, उम्र लगभग 19 वर्ष, निवासी ग्राम सैनी सुनपुरा, थाना इकोटेक-3, शिक्षा 9वीं पास
तरुण, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी ग्राम भगवानपुर, थाना मुण्डाली, मेरठ, शिक्षा अनपढ़
पुष्पेंद्र उर्फ भोला, उम्र लगभग 18 वर्ष, निवासी ग्राम हाजीपुर, थाना स्याना, बुलंदशहर, शिक्षा 8वीं पास
इस मामले में थाना सेक्टर-113 में मु0अ0सं0- 513/2025 के तहत धारा 309(4)/324(4)/317(2) बीएनएस एवं 3/4/25 आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
