ईशान लॉ कॉलेज में प्राविधिक स्वयं सेवकों का कलस्टर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
ग्रेटर नोएडा, 09 दिसंबर, 2025 – जिले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित कलस्टर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम (संवर्धन) के अंतर्गत प्राविधिक स्वयं सेवकों (PLV) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आज ईशान लॉ कॉलेज, ग्रेटर नोएडा के ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य पीएलवी को विधिक साक्षरता, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, दस्तावेजीकरण, महिला एवं बाल सुरक्षा कानूनों तथा फील्ड कार्यप्रणाली में व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करना था।
उद्घाटन समारोह में जनपद न्यायाधीश गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर ईशान लॉ कॉलेज के चेयरमेन डी.के. गर्ग, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्द्र मोहन श्रीवास्तव, सचिव डीएलएसएस/अपर जिला जज बागपत शबिस्ता आकिल, गाजियाबाद कुमार मिताक्षर, बुलंदशहर शहजाद अली, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हापुड़ ब्रह्मपाल सिंह और कॉलेज के विधि विभागाध्यक्ष एम. खेरूवाला सहित वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी, पैनल अधिवक्ता और पीएलवी उपस्थित रहे।
जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षित पीएलवी समाज के वंचित और कमजोर वर्गों तक न्याय की रोशनी पहुंचाने में महत्वपूर्ण सेतु का काम करते हैं। उन्होंने सभी से अपेक्षा जताई कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का फील्ड में पूर्ण गंभीरता से उपयोग करें और हर जरूरतमंद व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र में नालसा योजनाओं, मानसिक बीमारी एवं बौद्धिक विकलांगता वाले व्यक्तियों के लिए कानूनी सेवाओं की जानकारी दी गई। द्वितीय सत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं, लाभार्थियों की पहचान और शिकायत निवारण पर प्रकाश डाला गया। तृतीय सत्र में बाल एवं महिला संबंधित कानूनों, किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, बाल श्रम कानून और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम कानून पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। चौथे सत्र में फील्ड दस्तावेजीकरण, पीड़ितवृत्ती डायरी, केस रिपोर्टिंग और योजना आवेदन भरने की प्रक्रिया पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
उद्घाटन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पीएलवी को माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा प्रशस्ति पत्र और डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित पीएलवी में गौतमबुद्धनगर, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर और हापुड़ के प्रतिनिधि शामिल रहे।
संचालन सत्र में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्द्र मोहन श्रीवास्तव ने पीएलवी की भूमिका को समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा और पांच जनपदों के पीएलवी प्रशिक्षण में शामिल होकर विधिक जागरूकता बढ़ाने हेतु प्रेरित हुए।
