ग्रेटर नोएडा : उमंग मेला का आगाज़, पेंटिंग में बच्चों ने उकेरी प्रतिभा
ग्रेटर नोएडा। सम्राट मिहिर भोज पार्क के सामने आज से तीन दिवसीय भारतीय नव वर्ष मेला “उमंग” शुरू हो गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय पर्व आयोजन समिति ग्रेटर नोएडा द्वारा किया जा रहा है।ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक आनंद मोहन ने नारियल फोड़कर मेले की औपचारिक शुरुआत करते हुए भारतीय नव वर्ष की शुभकामनाएं दी और नव वर्ष के इतिहास पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कागज पर चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की। दोपहर में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमे बड़ी संख्या में बच्चों ने हिस्सा लेकर रंगों के जरिये मनमोहक चित्रकारी की।
इसके बाद दो से चार वर्ष आयु वर्ग व पांच वर्ष के बच्चों के बीच इंद्रधनुष प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शाम को बच्चों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए और दर्शकों की तालियां बटोरीं।
वहीं, एकल नृत्य व समूह नृत्य में भी बच्चों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरफ से हर साल भारतीय नव वर्ष के अवसर पर उमंग मेले का आयोजन किया जाता है। उमंग मेले के मीडिया प्रभारी अवधेश पाण्डेय ने बताया कि यह दिन भारतीय काल गणना का प्रथम दिन है। इसी दिन सम्राट विक्रमादित्य ने शकों पर विजय प्राप्त कर नवसंवत का आरंभ किया।