यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: ओवरलोड बस पलटी, 14 यात्री गंभीर घायल; ड्राइवर–हेल्पर फरार
ग्रेटर नोएडा। दनकौर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा हो गया, जब दिल्ली से बनारस जा रही तेज रफ्तार निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 60 यात्री सवार थे, जिनमें से 14 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार बस में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया गया था, जिसके कारण ओवरलोडिंग के चलते वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बस पलटकर सड़क पर ही जा अटकी। गनीमत यह रही कि बस एक्सप्रेसवे से नीचे नहीं गिरी, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री बस में फंसे रह गए।
राहगीरों की सूचना पर दनकौर पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। इस हादसे में आदर्श पांडे, सुप्रिया, अरीभा, नसरीन बानो, विनय, विनोद, महेंद्र, अशोक, सचिन, मनोज, शशि, कामरा और सक्षम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ये सभी यात्री दिल्ली से बनारस और अन्य शहरों की ओर जा रहे थे।
हादसे के बाद बस चालक और हेल्पर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग की पुष्टि हुई है। आगे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान ओवरलोड वाहनों में सफर न करें और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
