फर्जी R&AW अफसर बनकर कर रहा था ठगी! यूपी STF ने नोएडा से पकड़ा मास्टरमाइंड, बोरियों में निकले जाली दस्तावेज
ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर क्षेत्र से यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने सोमवार शाम (18 नवंबर 2025) को एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया, जो फर्जी रॉ (R&AW) ऑफिसर बनकर लोगों को झांसा देता था। आरोपी की पहचान सुनीत कुमार पुत्र ब्रजनंदन शाह, निवासी अजोई, थाना भगवानपुर, जिला वैशाली (बिहार) के रूप में हुई है।
एसटीएफ टीम ने अभियुक्त के पास से उसकी फोटो लगी नकली रॉ अधिकारी की आईडी बरामद की है। इसके अलावा आरोपी के पास से अलग-अलग नामों पर तैयार किए गए मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड, चेकबुक व अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का बड़ा जखीरा मिला है, जो उसके बड़े फर्जीवाड़े की ओर इशारा करता है।
बरामद सामग्री
2 फर्जी आईडी कार्ड
20 अलग-अलग बैंकों की चेक बुक
8 डेबिट/क्रेडिट कार्ड
5 पैन कार्ड
17 नामों पर बनाए गए एग्रीमेंट
2 आधार कार्ड
3 वोटर आईडी कार्ड
अनेक अन्य संदिग्ध दस्तावेज
एसटीएफ आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह इन दस्तावेजों का इस्तेमाल कहां और कैसे कर रहा था, तथा इसके गिरोह में और कौन-कौन शामिल हो सकता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कई महीनों से फर्जी पहचान के सहारे ठगी और धोखाधड़ी की गतिविधियों में सक्रिय था।
पुलिस इस गिरफ्तारी को एक बड़ी कार्रवाई मान रही है, जिससे एक व्यापक फर्जी दस्तावेज रैकेट का खुलासा होने की संभावना है।
