एसटीएफ के हत्थे चढ़ा पेट्रोल-डीजल मिलावट का बड़ा गिरोह, 8,000 लीटर नकली तेल समेत 5 गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा/फिरोजाबाद, 14 नवम्बर 2025
एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने पेट्रोल पंपों पर अपमिश्रित पेट्रोल और डीज़ल की सप्लाई करने वाले बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरोह से 8,000 लीटर मिलावटी पेट्रोल से भरा टैंकर, नकदी और उपकरण बरामद हुए हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी
14 नवम्बर की शाम लगभग 8 बजे थाना ऐका, जनपद फिरोजाबाद क्षेत्र में छापेमारी कर एसटीएफ ने कार्रवाई अंजाम दी। पकड़े गए आरोपियों में शामिल हैं—
1. पवन गिरी, बुलन्दशहर
2. सद्दाम, बुलन्दशहर
3. चन्द्रविजय, फिरोजाबाद
4. सर्वेश कुमार, बदायूँ
5. कन्हैया लाल, अलीगढ़
मौके से मिला—
01 टैंकर (UP15CT-3530) में भरा 8,000 लीटर मिलावटी पेट्रोल
प्लास्टिक पाइप, डीप रॉड
₹56,100 नकद
शिकायत पर खुला बड़ा रैकेट
उत्तर प्रदेश पेट्रोलियम ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा शासन को भेजे गए शिकायती पत्र के आधार पर एसटीएफ फील्ड यूनिट गौतमबुद्धनगर को जाँच सौंपी गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्रा और पुलिस उपाधीक्षक नवेंदु कुमार के पर्यवेक्षण में टीम कई दिनों से अवैध तेल कारोबार की जाँच कर रही थी।
जाँच में पता चला कि अलीगढ़, फिरोजाबाद, हापुड़, मेरठ, गौतमबुद्धनगर और बुलन्दशहर में नकली डीज़ल-पेट्रोल सप्लाई का नेटवर्क सक्रिय है।
फिरोजाबाद में छापा, टैंकर रंगेहाथ पकड़ा
14 नवंबर को एसटीएफ टीम को सूचना मिली कि एक टैंकर मिलावटी पेट्रोल लेकर चन्द्रा फिलिंग स्टेशन पर उतारने वाला है। टीम ने खाद्य विभाग और स्थानीय पुलिस के साथ छापेमारी की और आरोपियों को पकड़ लिया।
जाँच में पता चला कि यह पम्प बिना किसी लाइसेंस के पिछले चार माह से अवैध रूप से मिलावटी पेट्रोल की बिक्री कर रहा था।
कहाँ बनता था मिलावटी तेल?
आरोपियों ने बताया कि जनपद अलीगढ़ स्थित ‘पराग पेंट्स एंड केमिकल फैक्टरी’ में मिलावटी पेट्रोल तैयार होता था, जिसे 70–75 रुपये प्रति लीटर में पवन गिरी खरीदकर 80–85 रुपये में विभिन्न पेट्रोल पंपों पर बेचता था।
मुख्य आरोपी पवन गिरी का काला कारोबार
48 वर्षीय पवन गिरी लंबे समय तक पेट्रोल पंपों पर सेल्समैन रहा। बाद में उसने चोरी के डीज़ल और फिर मिलावटी तेल के व्यापार से मोटा मुनाफा कमाना शुरू कर दिया।
वह पहले भी 2020 में अपमिश्रित पेट्रोल के मामले में पकड़ा जा चुका है और उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा चल रहा है।
नई एफआईआर दर्ज
गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ थाना ऐका में
मु.अ.सं. 336/25, धारा 318(4) BNS व 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम
के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
