शारदा यूनिवर्सिटी में आत्मनिर्भर भारत संकल्प पर प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा बोले – “भारत अब किसी दबाव में डील साइन नहीं करता”
ग्रेटर नोएडा। आज दिनांक 8 नवंबर 2025 को भारतीय जनता पार्टी गौतमबुद्धनगर के तत्वावधान में “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के तहत प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन शारदा यूनिवर्सिटी, नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभिषेक शर्मा ने की तथा संचालन जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र नागर ने किया।
मुख्य अतिथि सुनील शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “आज का भारत किसी भी विदेशी दबाव में डील साइन नहीं करता, बल्कि अपने हितों को सर्वोपरि रखता है। भारत अब अमेरिका के टैरिफ से भी नहीं डरता। देश की जनता के सहयोग से भारत न केवल शक्तिशाली राष्ट्रों के साथ कदम से कदम मिला रहा है, बल्कि गरीब देशों को भी अपने साथ लेकर चल रहा है।”
उन्होंने प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे देश के नागरिकों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित करें, ताकि आत्मनिर्भर भारत का सपना 2047 तक “विकसित भारत” के रूप में साकार हो सके।
विनीत अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और शहरों में जाकर स्वदेशी वस्तुओं का प्रचार-प्रसार करना चाहिए और दुकानदारों को इन उत्पादों को बेचने-खरीदने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का यह संकल्प प्रबुद्ध सम्मेलन के माध्यम से नई गति प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि जनता जब स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएगी, तभी आत्मनिर्भर भारत का अभियान मजबूत होगा।
अभियान संयोजक व भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाया जा रहा यह अभियान समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है और लोग स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संकल्प ले रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुशील भाटी (कार्यक्रम संयोजक), सीए अश्वनी गोयल, जयकरण भाटी, कर्मवीर आर्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेश शर्मा, योगेंद्र भाटी, एडवोकेट रविंद्र शर्मा, डॉ. सुरेश चंद भाटी, सुखपाल प्रधान, महावीर त्यागी, एक्सएन करनाल, जीएस अग्रवाल, प्रो. अमित अत्री, एडवोकेट राहुल यादव, एडवोकेट कपिल यादव सहित सैकड़ों की संख्या में प्रबुद्धजन एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सम्मेलन आत्मनिर्भर भारत के विचार को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक सार्थक और प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।
