एपीजे इंटरनेशनल स्कूल में दो दिवसीय “Acadia MUN” का भव्य आयोजन, 109 प्रतिनिधियों ने लिया भाग
ग्रेटर नोएडा, 1 नवम्बर 2025
एपीजे इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा में 31 अक्टूबर और 1 नवम्बर को आयोजित दो दिवसीय “Acadia Model United Nations (MUN)” सम्मेलन में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों से आए 109 प्रतिभागियों ने भाग लेकर वैश्विक मुद्दों पर अपनी समझ, वक्तृत्व कौशल और कूटनीतिक दृष्टिकोण का परिचय दिया।
सम्मेलन में कुल पाँच समितियाँ गठित की गईं—UNGA-DISEC, UNCSW, UNHRC, AIPPM और International Press (IP)—जिनमें प्रतिभागियों ने विविध वैश्विक और राष्ट्रीय विषयों पर गहन चर्चा की। प्रतिभागी स्कूलों में एपीजे नोएडा, एपीजे पंचशील पार्क, स्पर्श ग्लोबल स्कूल और मेज़बान एपीजे इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा प्रमुख रहे।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और श्लोक पाठ से हुआ, जिसके बाद स्वागत गीत, गणेश वंदना और प्रधानाचार्य जूही सिंह के प्रेरणादायक संबोधन ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया। इसके पश्चात Secretariat का परिचय कराया गया और Secretary General द्वारा सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत की गई।
पहले दिन की समितियाँ सुबह 10:40 बजे प्रारंभ हुईं और दिनभर की चर्चाओं के बाद शाम 5:30 बजे सम्पन्न हुईं। दूसरे दिन का कार्य सत्र सुबह 9 बजे शुरू हुआ और पूरे दिन की विचारोत्तेजक बहसों के बाद सम्मेलन का समापन रंगारंग ‘सोशल्स’ कार्यक्रम और समापन समारोह के साथ हुआ।
समापन समारोह में प्रत्येक समिति से चार प्रतिनिधियों को Best Delegate, High Commendation और Special Mention पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मेलन को एक सार्थक और यादगार अनुभव के रूप में विदा किया।
Acadia MUN न केवल छात्रों के नेतृत्व कौशल, सार्वजनिक बोलने की क्षमता और वैश्विक दृष्टिकोण को निखारने का मंच बना, बल्कि यह आयोजन एपीजे इंटरनेशनल स्कूल की शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रमीय उत्कृष्टता का भी परिचायक रहा।
