डायल 100 में तैनात एचसीपी को एसएसपी लव कुमार ने किया सस्पेंड, पढ़े
ग्रेटर नोएडा : एसएसपी लवकुमार ने डायल 100 में तैनात एचसीपी राजकुमार पुंढीर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एचसीपी राजकुमार पुंढीर पर आरोप है कि उसने घायल को अस्पताल पहुँचाने के एवज में 1500 रूपये मांगे थे। जांच के बाद आरोप सही पाए गए थे। जिसके बाद एसएसपी लव कुमार आरोपी एचसीपी के खिलाफ कार्यवाही की है।
जानकारी के मुताबिक बोडाकी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर घायल हुए एक व्यक्ति के परिजनों ने डायल 100 पर तैनात पुलिसकर्मियों पर किराया वसूलने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने 5 हजार रुपये की मांग की थी सौदेबाजी कर 1500 रुपये ले लिए। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले मोहन ट्रेन से लुधियाना जा रहे थे। उन्हें लुधियाना में काम के सिलसिले में जाना था। मंगलवार तडके 3 बजे ग्रेटर नोएडा में बोड़ाकी रेलवे स्टेशन के निकट अचानक संतुलन खोकर वह चलती ट्रेन से गिर गए। गिरने से वह घायल हो गए। गांव के लोगों ने डायल 100 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि ग्रेटर नोएडा से डायल 100 की गाड़ी करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। उसके बाद डायल 100 की गाड़ी घायल को लेकर ग्रेटर नोएडा आई। घायल को यहां के डेल्टा एक सेक्टर स्थित ग्रीन सिटी अस्पताल में एडमिट करा दिया गया।
बुधवार को घायल के रिश्तेदार व अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि मंगलवार को डायल 100 पर तैनात पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और घायल के परिजनों से 5 हजार रुपये की मांग की। ये रुपये घायल को घटना स्थल से लाकर अस्पताल में एडमिट कराने के नाम पर मांगे गए। घायल के मामा देवदत्त ने बताया कि उन्होंने अपनी गरीबी का हवाला देते हुए इतने रुपये देने में असमर्थता जताई। उन्होंने आरोप लगाया है कि बाद में सौदेबाजी कर पुलिसकर्मियों ने उनसे 1500 रुपये ले लिए।
