जापान का प्रतिनिधिमंडल ग्रेटर नोएडा पहुंचा, निवेश की संभावनाओं पर हुई अहम बैठक
ग्रेटर नोएडा, 30 अक्टूबर 2025। ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक निवेश की नई राहें खोलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जापान के मिजुहो बैंक का चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ और आईआईटीजीएनएल के प्रबंध निदेशक एन. जी. रवि कुमार, एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस., एसीईओ प्रेरणा सिंह व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की।
बैठक के दौरान प्राधिकरण की ओर से एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण (Presentation) दिया गया, जिसमें ग्रेटर नोएडा और इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप (IITGNL) के अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, निवेश नीति और औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी साझा की गई।
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने टाउनशिप के प्लग-एंड-प्ले सिस्टम, वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट्स, और मजबूत बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर का निरीक्षण किया तथा इसकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा का औद्योगिक ढांचा और नियोजन जापानी उद्योगों के लिए निवेश का उपयुक्त वातावरण प्रदान करता है।
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में निवेश की गहरी रुचि व्यक्त की और भविष्य में सहयोग के अवसर तलाशने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर आईआईटीजीएनएल की पूरी टीम मौजूद रही।
उल्लेखनीय है कि मिजुहो बैंक जापान का एक प्रमुख वित्तीय संस्थान है, जो मिजुहो फाइनेंशियल ग्रुप का हिस्सा है। यह जापान के सबसे बड़े बैंकों में से एक है, जो व्यक्तियों, एसएमई, बड़े निगमों और वित्तीय संस्थानों को विविध वित्तीय सेवाएं प्रदान करता है।
