गौड़ सिटी में छठ पूजा का भव्य आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने दिया संध्या अर्घ्य
ग्रेटर नोएडा वेस्ट, 27 अक्तूबर 2025
गौड़ सिटी के लेक व्यू पार्क में छठ महापर्व के तीसरे दिन आज व्रतियों ने सूर्य देव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में लगभग 5 हजार श्रद्धालु उपस्थित रहे और इस पावन पर्व के सहभागी बने। गौड़ सिटी पूजा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गई थीं — साफ-सफाई, सुरक्षा एवं प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई।
संध्या अर्घ्य के उपरांत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भक्ति गीतों की प्रस्तुति ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्थानीय विधायक तेजपाल नागर ने छठ पूजा समिति के दस वर्षों से किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की और समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
छठ पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि कल सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूजा संपन्न की जाएगी।
