बहुमूल्य अष्टधातु की मूर्ति के साथ तस्कर दबोचा
नोएडा : सेक्टर 20 पुलिस ने सेक्टर 9 से भगवान बुद्ध की बहुमूल्य अष्टधातु की मूर्ति के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान आरिफ (35) मूल निवासी पूर्णिया बिहार के रूप में हुई। वह पिछले कुछ समय से मेरठ में रह रहा था। आरोपित के पास से बरामद हुई मूर्ति करीब एक किलो की है। पुलिस के मुताबिक इसकी कीमत एक करोड़ से अधिक बताई जा रही है।
मूर्ति की जांच के लिए आर्किलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (एएसआई) को सूचित किया गया है। कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार शाही ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि उसने नोएडा में एक व्यक्ति से यह मूर्ति पांच से 10 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था। मूर्ति के एक छोटे से हिस्से को जांच के लिए वह व्यक्ति ले गया है।
पूछताछ में पता लगा है कि यह मूर्ति वह राजस्थान के जयपुर से तस्करी कर लाया था। वहां अफरोज नाम के एक व्यक्ति ने उसे यह दी थी। मूर्ति बेचने पर उसे 25 प्रतिशत हिस्सा मिलता। बताया जा रहा है कि अफरोज काफी समय से कीमती मूर्तियों के तस्करी के धंधे में लगा हुआ है। हालांकि वह अफरोज के संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं दे सका। गैंग से जुड़े अन्य लोगों को पकड़ने के लिए आरोपित को पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपित तस्कर एक सप्ताह से नोएडा में घूम-घूमकर चोरी-छिपे मूर्ति का खरीदार तलाश रहा था। एक चाय की दुकान पर उससे एक व्यक्ति मिला। जिससे सौदा हुआ था। सोमवार को वह उस व्यक्ति को मूर्ति सप्लाई कर रुपये लेने के लिए नोएडा आया था।
