स्थानीय युवाओं व किसानों के हक़ में भाकियू (सर छोटू राम) की बड़ी पहल, प्रधानमंत्री को भेजा 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा
जेवर एयरपोर्ट प्रभावित किसानों के पुनर्वास, रोजगार और भूमि से जुड़ी समस्याओं पर जताई चिंता
ग्रेटर नोएडा, 25 अक्टूबर 2025। भारतीय किसान यूनियन (सर छोटू राम) ने आज जिले के किसानों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित 13 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी एडवोकेट ने की।
संगठन ने ज्ञापन में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना के तहत अधिग्रहित किसानों की उपजाऊ भूमि, बेरोजगारी, किसान कोटे के भूखंड, टोल फ्री सुविधा और भूमि सर्किल रेट जैसी प्रमुख समस्याओं को उठाया। किसानों ने कहा कि अधिग्रहण के बाद मुआवजा तो मिला, लेकिन स्थायी रोजगार और जीवनयापन के साधन छिन गए हैं।
भाकियू (सर छोटू राम) ने अपनी मुख्य मांगों में स्थानीय बेरोजगार युवाओं के लिए औद्योगिक इकाइयों में 60 प्रतिशत रोजगार कोटा, किसानों को किसान कोटे के भूखंड का शीघ्र कब्जा, तथा एक्सप्रेसवे के 20 किलोमीटर दायरे में टोल फ्री सुविधा शामिल की हैं। इसके साथ ही संगठन ने यह भी मांग की कि जेवर एयरपोर्ट के आसपास अब कोई नया गांव विस्थापित न किया जाए तथा भूमि अर्जन, पुनर्वास और पुनर्व्यवस्थापन अधिनियम 2013 के तहत सभी प्रभावित किसानों को लाभ दिया जाए।
भूपेन्द्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि यदि सरकार ने इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो सभी प्रभावित जिलों के युवा एकजुट होकर प्रधानमंत्री का घेराव करने को बाध्य होंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव अजय प्रमुख, राष्ट्रीय प्रवक्ता कुँवर अयूब अली, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सोनवीर सिंह, महिला प्रदेश अध्यक्ष गीता निगम, पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष ललित भाटी, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष सतवीर नेता, प्रदेश सचिव प्रमोद भाटी, जनाब फुरकान राणा, संजय भाटी, गाजियाबाद जिला अध्यक्ष रणवीर प्रधान, जिला अध्यक्ष बिनेश रावल, उपाध्यक्ष जनाब आजाद दौला, देवव्रत चौधरी, एडवोकेट पुष्पेंद्र तोमर, प्रदीप तालान बजरंगी नेता, धम्मा चौधरी, अनिल अत्री, नीरज भाटी एडवोकेट, राकेश कुमार एडवोकेट सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
