धनतेरस पर समसारा विद्यालय में दीपावली पूजन व दीपदान समारोह, इस्कॉन भजनों से गूंजा परिसर
ग्रेटर नोएडा। धनतेरस के पावन अवसर पर शनिवार को समसारा विद्यालय में दीपावली पूजन एवं दीपदान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में समस्त समसारा परिवार—विद्यार्थी, शिक्षकगण एवं प्रशासनिक विभाग के सदस्य—सहभागी रहे।
कार्यक्रम की विशेषता रही इस्कॉन मंदिर, ग्रेटर नोएडा से पधारे गुरुजनों की उपस्थिति, जिन्होंने अपने भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गुरु स्वरूपानंद दास जी, मुरलीवर्धन दास जी सहित अन्य सदस्यों ने श्रीकृष्ण भक्ति में सभी को सराबोर कर दिया। भजन संध्या के उपरांत श्रीकृष्ण पर दीपदान किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने श्रद्धा भाव से भाग लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य कैप्टन प्रवीन राय ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक भावनाओं का संचार करते हैं।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि विद्यालय के सामूहिक सौहार्द और संस्कारों की झलक भी प्रस्तुत करता है।
