प्रोमेथियस स्कूल में गूंजा खेलों का जुनून देशभर के 119 विद्यालयों के 750 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, डीएम मेधा रूपम और ओलंपियन अचंता शरत कमल रहे मुख्य अतिथि
गौतमबुद्धनगर, 14 अक्तूबर 2025 प्रोमेथियस स्कूल, नोएडा में अंतरराष्ट्रीय विद्यालय खेल संगठन (ISSO) टेबल टेनिस एवं बैडमिंटन टूर्नामेंट 2025–26 का सातवां संस्करण शानदार सफलता के साथ सम्पन्न हुआ। चार दिवसीय इस आयोजन में देशभर के 119 विद्यालयों से आए 750 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर खेल भावना और प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। लगभग 325 प्रतिभागियों ने टेबल टेनिस और 400 से अधिक खिलाड़ियों ने बैडमिंटन प्रतियोगिता में दमखम दिखाया।
टूर्नामेंट का आयोजन विद्यालय की अत्याधुनिक खेल अवसंरचना में किया गया। 52 फीट ऊंचाई वाले वातानुकूलित बैडमिंटन हॉल में आठ कोर्ट और 15 टेबल वाले टेबल टेनिस हॉल ने खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान किया। परिसर में 50 मीटर के ओलंपिक आकार के स्विमिंग पूल, 10 लेन शूटिंग रेंज और अत्याधुनिक जिम्नास्टिक हॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो विद्यालय की खेल प्रतिभाओं को निखारने की प्रतिबद्धता दर्शाती हैं।
पुरस्कार वितरण समारोह में जिलाधिकारी मेधा रूपम और चार बार के ओलंपियन, दस बार के राष्ट्रीय चैंपियन, पद्मश्री व खेल रत्न से सम्मानित टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरत कमल मुख्य अतिथि रहे। भारतीय पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी, विश्व क्रमांक दो और पेरिस 2024 पैरालंपियन तरुण ढिल्लों विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी और एशियन यूथ गेम्स कांस्य पदक विजेता अभिषेक यादव, उत्तर प्रदेश पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त एवं राष्ट्रपति वीरता पदक प्राप्त स्वतंत्र सिंह, भारतीय राजस्व सेवा के सहायक आयुक्त शशांक शेखर सिंह और आयकर विभाग के संयुक्त आयुक्त अनुराग एस. दरिया भी शामिल रहे।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि जीवन का एक अभिन्न अंग है, जो अनुशासन, समर्पण और एकता की भावना सिखाता है। उन्होंने कहा कि जीत और हार दोनों ही सफलता की सीढ़ियां हैं, महत्वपूर्ण यह है कि खिलाड़ी पूरे मनोबल और निष्ठा से खेलें। उन्होंने काव्य रूप में कहा – “जंगल के हर जर्रे पर जब मौत हो ताक लगाए, हिरनों की एक टोली को एक हिरन ही राह दिखाए, दुनिया की इस रणभूमि में जब देश हमारा डटा हुआ है, ले जाए विश्व शिखर तक जो वह नायक यही कहीं खड़ा हुआ है।” उनके इस प्रेरक संबोधन ने खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार किया।
प्रोमेथियस स्कूल के संस्थापक अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश शर्मा ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहाँ वे उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचकर भारत का गौरव बढ़ाएं। विद्यालय विश्वस्तरीय सुविधाओं, समग्र प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धात्मक अवसरों के माध्यम से प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह टूर्नामेंट प्रतिभा, खेल भावना और टीमवर्क का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा, जिसने विद्यालय स्तर पर खेल आयोजनों के लिए एक नया मानदंड स्थापित किया। ISSO 2025–26 जैसे आयोजन न केवल खेल को बढ़ावा देते हैं, बल्कि अनुशासन, उत्कृष्टता और समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
