सीईओ राकेश कुमार सिंह ने किया यमुना प्राधिकरण क्षेत्र की 60 मीटर मेजर रोड का निरीक्षण, मार्च 2026 तक सबोटा तक रोड कनेक्टिविटी पूरी करने के निर्देश
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने शनिवार को यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर प्राधिकरण की 60 मीटर मेजर रोड का परियोजना विभाग के अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि यह 60 मीटर चौड़ी सड़क कुछ स्थानों पर अधूरी बनी हुई है।
महाप्रबंधक (परियोजना) राजेंद्र भाटी ने सीईओ को जानकारी दी कि सलारपुर अंडरपास से पहले ग्राम दनकौर क्षेत्र में कुछ हिस्सों की सहमति और एफिडेविट संबंधित कृषकों से प्राप्त कर लिए गए हैं। इन हिस्सों का टेंडर जल्द जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। वहीं सेक्टर-20 और सेक्टर-21 के निकट रुके हुए पैच की सहमति भी कृषकों से मिल गई है और निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जिसे अगले एक माह में ब्लैकटॉप कर दिया जाएगा।
भाटी ने बताया कि इस कार्य के पूर्ण होने पर 60 मीटर रोड, ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की सीमा से लेकर सेक्टर-29 तक पूर्ण रूप से जुड़ जाएगी। इसके बाद सेक्टर-21 से एयरपोर्ट लिंक रोड तक तीन किलोमीटर का हिस्सा भी किसानों की सहमति से चिन्हित कर लिया गया है और सर्वे कार्य प्रगति पर है। जल्द ही इस 3 किलोमीटर हिस्से का टेंडर फ्लोट किया जाएगा।
सीईओ राकेश कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जेवर के सबोटा तक इस 60 मीटर रोड को जोड़ने हेतु शेष तीन किलोमीटर के खसरों की खरीद प्राथमिकता पर की जाए तथा मार्च 2026 तक इस सम्पूर्ण रोड को पूर्णतः जोड़ दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि दयानतपुर के पास इस रोड को एयरपोर्ट इंटरचेंज से लूप बनाकर जोड़ा जाए, जिससे क्षेत्र में आवागमन सुगम हो सके।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने एयरपोर्ट फेरीफेरी क्षेत्र में एयरपोर्ट कार्गो हब तक एनएचएआई द्वारा बनवाई जा रही 30 मीटर रोड का भी जायजा लिया। उन्होंने परियोजना और भूलेख विभागों को निर्देशित किया कि कार्गो हब के बाद प्राधिकरण की 130 मीटर मास्टर प्लान रोड को सेक्टर-8D तक जोड़ने के लिए सर्वे कराएं और इसमें आने वाले खसरा नंबरों की सूची तैयार कर प्राथमिकता से भूमि क्रय की कार्रवाई शुरू करें। उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना को एनएचएआई से करवाने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।
वापसी के दौरान सीईओ ने सेक्टर-22D के चपारगढ़ गांव में 30 मीटर रोड और ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर कड़ा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को अवैध निर्माण के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने और अतिक्रमण हटाकर रोड निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
सीईओ राकेश कुमार सिंह ने कहा कि 60 मीटर और 30 मीटर दोनों रोड प्राधिकरण के सेक्टरों के विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनके निर्माण से यमुना सिटी से लेकर एयरपोर्ट लिंक रोड तक निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा और क्षेत्र के औद्योगिक, आवासीय एवं वाणिज्यिक विकास को नई गति मिलेगी।
