मिशन शक्ति 5.0 और पोषण माह अभियान के अंतर्गत बाल विकास परियोजना अधिकारी ने आंगनवाड़ी केंद्र ऐच्छर का किया भ्रमण
गौतम बुद्ध नगर, 11 अक्टूबर 2025
उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति 5.0 एवं पोषण माह अभियान के अंतर्गत आज बाल विकास परियोजना अधिकारी दनकौर संध्या सोनी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र ऐछरऐच्छर का भ्रमण किया गया। इस दौरान केंद्र पर टीकाकरण सत्र आयोजित था।
संध्या सोनी ने इस अवसर पर उपस्थित लाभार्थियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित करते हुए “पॉलिथीन का प्रयोग ना करें” संदेश दिया। उन्होंने बताया कि पॉलिथीन का अत्यधिक प्रयोग मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ पृथ्वी, जलवायु और वायुमंडल को भी प्रदूषित करता है। पॉलिथीन में रखे खाद्य पदार्थ अनेक बीमारियों, विशेषकर कैंसर जैसी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकते हैं।
कार्यक्रम में केंद्र पर उपस्थित महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि ये योजनाएँ गर्भवती महिलाओं एवं बालिकाओं के कल्याण हेतु सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वपूर्ण पहल हैं, जिनके माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ प्राप्त होता है। सत्र के दौरान एएनएम संघिमल द्वारा टीकाकरण के महत्व पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि टीके न केवल बच्चों को विभिन्न रोगों से बचाते हैं, बल्कि उनमें बीमारियों से लड़ने की शक्ति भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा महिला सशक्तिकरण के प्रति जनजागरूकता फैलाना रहा। यह कार्यक्रम जागरूकता और जनहित के संदेश के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
