ग्रेटर नोएडा में रामलीला के सातवें दिन “सीता हरण” प्रसंग ने दर्शकों को किया भावविभोर
ग्रेटर नोएडा, 29 सितंबर | श्री धार्मिक रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) द्वारा आयोजित रामलीला मंचन के सातवें दिन पंचवटी की पावन भूमि पर घटित “सीता हरण” प्रसंग का सजीव चित्रण किया गया, जिसने दर्शकों को भावनाओं के गहरे सागर में डुबो दिया। कार्यक्रम का संचालन परम पूज्य गोस्वामी सुशील जी महाराज के दिशा-निर्देशन एवं अध्यक्ष आनंद भाटी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि के रूप में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने मंच की शोभा बढ़ाई। लीला में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण द्वारा पंचवटी में कुटिया निर्माण, शूर्पणखा प्रकरण, खर-दूषण वध, रावण द्वारा मारीच की सहायता से सीता हरण तथा जटायु-प्रसंग का मार्मिक मंचन प्रस्तुत किया गया। जय श्रीराम के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
विशेष आकर्षण रहा कवि, साहित्यकार एवं शिक्षाविद भगवत प्रसाद शर्मा द्वारा प्रस्तुत “सीता हरण” पर आधारित भावपूर्ण कविता, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। समिति द्वारा उन्हें माला, दुपट्टा एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्थापक गोस्वामी सुशील महाराज, एडवोकेट राजकुमार नागर, पंडित प्रदीप शर्मा, शेर सिंह भाटी, हरवीर मावी, मुख्य संरक्षक नरेश गुप्ता, संरक्षक सुशील नागर, अध्यक्ष आनंद भाटी, महासचिव ममता तिवारी, कोषाध्यक्ष अजय नागर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश शर्मा बदौली सहित समिति के अनेक पदाधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रामलीला का यह मंचन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि साहित्य, संस्कृति और समाज के समन्वय का जीवंत उदाहरण भी प्रस्तुत करता रहा।
