मिक्स लैण्ड यूज योजना में 1000 करोड़ का निवेश, 4500 रोजगार के अवसर
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सैक्टर-24 में मिक्स लैण्ड यूज योजना सं0-MLU/2025-26/10 के अन्तर्गत औद्योगिक भूखण्डों की आवंटन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो गई है।
यह योजना 8 मई 2025 से 31 जुलाई 2025 तक संचालित रही। प्राधिकरण को कुल 30 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से स्क्रूटिनी कमेटी की जांच-पड़ताल के बाद 11 आवेदक पात्र पाए गए। इन आवेदकों ने 26 सितम्बर 2025 को आयोजित इंटरव्यू व तकनीकी प्रस्तुति में भाग लिया।
आज 30 सितम्बर 2025 को प्राधिकरण के सभागार में मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा सफल आवेदकों को आवंटन पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर उन्होंने आवंटियों को शीघ्रतिशीघ्र इकाइयों को क्रियाशील करने के लिए प्रेरित किया, जिस पर आवंटियों ने आश्वासन भी दिया।
इन 11 औद्योगिक इकाइयों द्वारा लगभग 1000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र में 4500 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे। यह कदम यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को औद्योगिक विकास का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।
